Dhanbad News : धनबाद रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है. ट्रेन संख्या 13009 से 39 लीटर विदेशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 27240 रुपये बताई गई है. सभी शराब की बोतलों पर FOR SALE IN WB ONLY लिखा है.
जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में पोस्ट स्तर पर गठित स्पेशल टास्क टीम, RPF पोस्ट के अधिकारी व जवान और CIB/DHN के स्टाफ गुरुवार देर रात धनबाद स्टेशन पर गश्त और निगरानी अभियान चला रहे थे.
इसी क्रम में धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची ट्रेन संख्या 13009 की जांच की गई. जांच के दौरान ट्रेन के S7 कोच की बर्थ संख्या-18 पर सवार एक यात्री को प्लास्टिक के बोरे और झोले में अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया. वहीं S8 कोच की बर्थ संख्या-46 पर सवार दूसरे यात्री के सामान की तलाशी लेने पर भी प्लास्टिक के बोरे और झोले से अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
इसे भी पढ़ें
ट्रेन के धनबाद स्टेशन पर कम समय के ठहराव को देखते हुए दोनों यात्रियों को शराब समेत प्लेटफॉर्म पर उतारा गया. बरामद शराब पर FOR SALE IN WB ONLY लिखा होने और प्रतिबंधित तरीके से इसे ले जाने के कारण RPF ने मौके पर ही शराब जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
इसके बाद जब्त शराब और गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को RPF पोस्ट धनबाद लाया गया. मामले में RPF पोस्ट धनबाद के उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत पर कार्रवाई की गई. जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए शुक्रवार को उत्पाद विभाग धनबाद को सौंप दिया गया.

