Ranchi News : मानव तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है. 26 नवंबर को रांची रेलवे स्टेशन पर संयुक्त अभियान चलाकर तमिलनाडु ले जाई जा रही पांच नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया.
इसे भी पढ़ें...
इस मामले में एक 41 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. वह बच्चियों को नौकरी का झांसा देकर अपने साथ ले जा रहा था. आरोपी की पहचान सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को DSCNL/RPF/Ranchi के माध्यम से रेल मदद पर शिकायत मिली थी कि ट्रेन संख्या 18636 (सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) से कुछ नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही RPF पोस्ट रांची, अपराध आसूचना शाखा (CIB) रांची और DNF टीम की संयुक्त टीम गठित की गई.
ट्रेन के दोपहर करीब 12:08 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंचते ही टीम ने एक व्यक्ति को पांच नाबालिग बच्चियों के साथ देखा. संदेह होने पर सभी को रोककर पूछताछ के लिए RPF पोस्ट लाया गया.
15 हजार रुपये वेतन का दिया था लालच
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह (41 वर्ष), निवासी अपर खुर्द, जपला, थाना हुसैनाबाद, जिला पलामू बताया. उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से तमिलनाडु की एक स्पिनिंग मिल में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा है.
वह बच्चियों को को तमिलनाडु स्थित स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जा रहा था. उन्हें प्रतिमाह करीब 15 हजार रुपये वेतन मिलने की बात कही गई थी. आरोपी ने यह भी बताया कि संबंधित कंपनी से उसे प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से प्रतिदिन 20 रुपये मिलते हैं.
AHTU को सौंपे गए आरोपी और बच्चियां
बच्चियों की नाबालिग उम्र और पूरे मामले की परिस्थितियों को देखते हुए मानव तस्करी एवं संभावित शोषण की आशंका जताई गई. आवश्यक पूछताछ और प्रारंभिक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद RPF ने आरोपी और पांचों बच्चियों को आगे की कार्रवाई के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) थाना, रांची को सौंप दिया.
इस मामले में AHTU थाना कांड संख्या 14/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 137(2) और 143(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 75 और 81 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की जांच SI मनोज भगत को सौंपी गई है.
RPF की इस कार्रवाई से पांच नाबालिग बच्चियों को संभावित शोषण और मानव तस्करी के खतरे से बचाया जा सका. रेलवे सुरक्षा बल ने कहा है कि ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी पर रोक लगाने के लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार निगरानी की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

