Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 7 मई 2026 को राष्ट्र के नाम संबोधन में ऊर्जा एवं ईंधन संरक्षण की अपील किए जाने के बाद रांची विश्वविद्यालय ने भी इस दिशा में पहल की है. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने विश्वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से ऊर्जा बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) में परिसर के भीतर ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
SOP के प्रमुख निर्देश
साइकिल और पैदल चलने को बढ़ावा
परिसर आने-जाने में यथासंभव साइकिल का उपयोग करने की अपील.
छोटी दूरी के लिए पैदल चलने पर जोर.
कारपूलिंग को प्रोत्साहन
चार पहिया वाहन उपयोगकर्ता सहयोगियों के साथ एक ही वाहन से आएं.
विभाग स्तर पर कारपूलिंग समूह बनाने के निर्देश.
सार्वजनिक और इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर
जहां संभव हो इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की सलाह.
बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने का आग्रह.
अनावश्यक वाहन उपयोग पर रोक
प्रतीक्षा के दौरान वाहन का इंजन बंद रखने का निर्देश.
परिसर में वाहन का उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर करने की अपील.
ऑनलाइन बैठकों को प्राथमिकता
आंतरिक और समन्वय बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने का सुझाव.
बाहरी यात्रा केवल आवश्यक होने पर ही करने की बात कही गई.
बिजली बचत के निर्देश
कमरे या कार्यालय से बाहर निकलते समय पंखे, लाइट और एसी बंद रखने का निर्देश.
प्राकृतिक प्रकाश के अधिक उपयोग पर जोर.
कंप्यूटर और अन्य उपकरण उपयोग के बाद तुरंत बंद करने की सलाह.
जल संरक्षण पर भी फोकस
परिसर में जल के अपव्यय से बचने की अपील.
अनावश्यक रूप से नल खुला न छोड़ने का निर्देश.
विभागाध्यक्षों को जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि SOP का अनुपालन विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों पर समान रूप से लागू होगा. विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभागों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है.
कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का वाहक भी है. यदि हम सभी साइकिल चलाने, कारपूलिंग अपनाने और बिजली बचाने जैसे छोटे-छोटे कदम उठाएं, तो यह आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ रांची और हरित भविष्य की दिशा में बड़ा योगदान होगा. राष्ट्र सर्वोपरि — यही हमारा संकल्प है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment