Search

 
 
 

धनबाद में रसोई गैस की किल्लत की अफवाह, एजेंसियों में लगी लंबी कतार

सोशल मीडिया पर गैस की किल्लत की अफवाह के बाद धनबाद शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है. हालात ये है कि कई गैस एजेंसियों के बाहर गैस के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं.
 

Dhanbad : खाड़ी युद्ध के बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की खबरों का असर अब धनबाद सहित देश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते टकराव को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की किल्लत की अफवाह के बाद धनबाद शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है. हालात ये है कि कई गैस एजेंसियों के बाहर गैस के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं.


दरअसल, लोगों को आशंका है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात और बिगड़ते हैं तो पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. इसी आशंका में उपभोक्ता पहले से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं. हालांकि, गैस एजेंसियों और आपूर्ति से जुड़े अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है. 


जानकारी के अनुसार, धनबाद जिले में करीब 6.40 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं. इन उपभोक्ताओं को जिले में संचालित 31 गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाती है. इनमें 17 एजेंसियां इंडियन ऑयल, जबकि 7-7 एजेंसियां भारत पेट्रोलियम व हिंदुस्तान पेट्रोलियम की हैं. सामान्य दिनों में जिले में प्रतिदिन करीब 16 हजार गैस सिलेंडर की डिलीवरी होती है. लेकिन हाल के दिनों में अफवाह फैलने के बाद यह संख्या बढ़कर लगभग 20 हजार सिलेंडर प्रतिदिन तक पहुंच गई है. कई एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है.


गैस लेने पहुंचे उपभोक्ता चंद्र भूषण प्रसाद ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति को देखते हुए लोग पहले से ही गैस सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं.उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में आपूर्ति प्रभावित होती है तो परेशानी हो सकती है इसलिए लोग एहतियात के तौर पर गैस ले रहे हैं. वहीं कुछ एजेंसियों में सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को थोड़ी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है.

 

वहीं गैस एजेंसी संचालक आनंद दुबे ने बताया कि जिले में फिलहाल एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. उपभोक्ता अगर बुकिंग करते हैं तो पहले की तरह ही गैस सिलेंडर उनके घर तक पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें. प्रशासन व गैस एजेंसियों की ओर से भी लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति न बने. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही