Ramgarh : गोला प्रखंड अंतर्गत सरगडीह गांव में देर रात आयोजित पारंपरिक मंडा पूजा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल बतौर अतिथि के रूप में शामिल हुए और फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही गांव के युवा साथियों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा राजीव जायसवाल का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच उनका अभिनंदन किया गया.
इस अवसर पर अपने संबोधन में राजीव जायसवाल ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय एवं ग्रामीण संस्कृति में बसती है. मंडा पूजा जैसे धार्मिक और पारंपरिक आयोजन न केवल हमारी आस्था के प्रतीक हैं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है, जो समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है.
उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका यह कर्तव्य है कि वे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों की भावनाओं को समझें और उनके सुख-दुख में सहभागी बनें. क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे.
राजीव जायसवाल ने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस प्रकार के भव्य और अनुशासित आयोजन समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने युवाओं की भूमिका की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि गांव के युवा ही विकास और सामाजिक बदलाव के असली वाहक हैं.
इस अवसर पर भाजपा नेता केबी सहाय, समाजसेवी लालदेव महतो, अध्यक्ष आनंद महतो, उपाध्यक्ष विनय महतो, सचिव राजू महतो, उप सचिव प्रदीप महतो, कोषाध्यक्ष आदित्य कुमार महतो, उप कोषाध्यक्ष राहुल कुमार महतो सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment