Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक समीर कुमार मोहंती ने सदन में अपने संबोधन के दौरान राज्य सरकार के बजट की सराहना की और केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ एक वित्तीय दस्तावेज नहीं है, बल्कि दलितों, मजदूरों, गरीबों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं की उम्मीदों से जुड़ा दस्तावेज है.
समीर कुमार मोहंती ने देश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज आम लोगों की बुनियादी जरूरतों को भी विकास के रूप में दिखाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आज सवाल पूछना देशद्रोह, नौकरी मांगना विद्रोह और अपने अधिकार की बात करना गलत माना जा रहा है.
उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में एक 14 साल के दलित किशोर को सिर्फ सवाल पूछने के कारण जेल भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं.
मोहंती ने महिला सुरक्षा को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारे दिए जाते हैं, लेकिन कई राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में महिलाएं लापता हुई हैं.
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश नई तकनीक और विज्ञान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. चीन 6G और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम कर रहा है, जबकि अमेरिका और जापान रोबोटिक्स और नई तकनीकों में आगे बढ़ रहे हैं. इसके विपरीत भारत में अभी भी धर्म और जाति के मुद्दों पर ज्यादा राजनीति हो रही है.
समीर कुमार मोहंती ने केंद्र सरकार के पुराने वादों का जिक्र करते हुए कहा कि दो करोड़ नौकरियां देने, विदेशों से काला धन वापस लाने और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं.
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई. उनके अनुसार देश में बड़ी संख्या में स्कूल बंद हुए हैं और लाखों बच्चों ने पढ़ाई छोड़ दी है. उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि एक राज्य में धान गायब होने के मामले में अधिकारियों ने चूहों द्वारा धान खा जाने का बहाना बताया, जो भ्रष्टाचार का उदाहरण है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment