Ramgarh News: 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में जिले को राज्य भर में शीर्ष पायदान पर लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 'सम्पूर्ण शिक्षा अभियान' शुरू किया है. डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा हुई.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में जिले भर में सुचारू रूप से संपन्न हुई अर्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए संपूर्ण श्रेय जिले के समर्पित शिक्षकों, विद्यालय प्रभारियों और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को देते हुए उनका आभार जताया और कहा कि अर्धवार्षिक परीक्षा का यह सफल मॉडल आगामी बोर्ड परीक्षाओं की मजबूत नींव साबित होगा.
इसे भी पढ़ें:
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को शिक्षकों के साथ निरंतर बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए बोर्ड परीक्षा में जिले के सर्वांगीण व उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु एक ठोस और प्रभावी कार्य योजना तैयार कर उस पर त्वरित अमल करने का स्पष्ट निर्देश दिया.
जिले के सरकारी स्कूलों को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ने और स्मार्ट क्लासरूम व कंप्यूटर लैब के शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग हेतु उपायुक्त ने जिले के सभी आईसीटी शिक्षकों को विशेष एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने का निर्देश दिया.
विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए फ़िलो ऐप आधारित टू-वे लाइव इंटरएक्टिव डिजिटल क्लासरूम को भी संचालित किया जा रहा है. इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से न केवल समय पर कोर्स को गति दी जाएगी, बल्कि विद्यार्थियों के संशयों और पढ़ाई से जुड़ी कमियों का भी त्वरित समाधान किया जाएगा, जिससे विशेष रूप से पढ़ाई में पिछड़ रहे विद्यार्थियों को सीधा संबल मिलेगा.
उपायुक्त ने सभी विषयों के शिक्षकों को सख्त हिदायत दी कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, ताकि विद्यार्थियों को रिवीजन और मॉडल प्रश्न पत्रों के अभ्यास के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक अपने-अपने विषयों में बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें, उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करें और इस बात पर विशेष ध्यान दें कि विद्यार्थी आगामी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक लाकर सफलता प्राप्त करें.
समीक्षा के दौरान ऑनलाइन कक्षाओं एवं उपस्थिति में ढिलाई बरतने वाली व्यवस्थाओं पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

