Search

ब्लैक बॉक्स जला कैसे, संजय राउत ने बारामती विमान हादसे की जांच पर उठाए सवाल

Lagatar Desk :   शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने बारामती विमान हादसे की जांच पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विमान के ब्लैक बॉक्स के जलने को रहस्यमय और बेहद चिंताजनक बताया है. 

 

सांसद ने कहा कि ब्लैक बॉक्स के जले मिलने से परिवार के संदेह की पुष्टि होती है और जांच पर भी सवाल उठते हैं. राउत ने कहा कि पूरा महाराष्ट्र यह सवाल उठा रहा है कि अजीत दादा का विमान हादसा एक दुर्घटना थी या कोई साजिश?

 

 

 

रोहित पवार ने साजिश की आशंका जताई

राउत की ये टिप्पणियां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद पवार) के नेता रोहित पवार के हालिया आरोपों के बाद आई हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि बारामती लेयरजेट 45 दुर्घटना महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक साजिश हो सकती है. 

 

सांसद का कहना है कि रोहित पवार उस परिवार के सदस्य हैं, उन्हें तकनीकी मामलों की समझ है. अजीत पवार की दुर्घटना के बारे में सामने आ रहे रहस्यमय तथ्य बेहद गंभीर हैं.

 

आखिर विमान का ब्लैक बॉक्स जला कैसे

राउत ने मामले की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आमतौर पर ब्लैक बॉक्स कई साल बाद भी सुरक्षित मिल जाता है. लेकिन अजित पवार के विमान का ब्लैक बॉक्स जल गया. आखिर यह कैसे संभव हो सकता है?

 

कहा कि अगर रोहित पवार ने यह मुद्दा उठाया है, तो यह गंभीर है. वहीं अगर पवार परिवार इसकी जांच करना चाहता है, तो उन्हें ऐसा करना चाहिए. कहा कि इस मामले में सरकार की मंशा सही नहीं है. 

 

आखिरी समय में यात्रा योजना में हुआ बदलाव

रोहित पवार ने दावा किया था कि अजित पवार को मुंबई से पुणे कार से जाना था और काफिला भी तैयार था. लेकिन आखिरी समय में अजित पवार की यात्रा योजना में बदलाव किया गया था. 

 

रोहित पवार के अनुसार, अजित पवार की एक बड़े नेता से मुलाकात प्रस्तावित थी, जिसके बाद कार्यक्रम में बदलाव हुआ. 

 

लैंडिंग के समय विमान हुआ था दुर्घटनाग्रस्त

गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में एक चार्टर्ड Learjet 45 विमान रनवे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की जान चली गई थी. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp