Search

2004 में नक्सलियों ने की पिता की हत्या, अब आग से झुलसे संजय साव की एयर एंबुलेंस क्रैश में मौत

Ranchi :   चतरा के सिमरिया में हुए एयर एंबुलेंस क्रैश में जान गंवाने वाले संजय साव की जिंदगी संघर्षों से भरी रही. लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के रखात गांव निवासी संजय साव के पिता की नक्सलियों ने वर्ष 2004 में हत्या कर दी थी, उस समय उनके पिता वहां एक होटल चलाते थे. 

 

पिता की हत्या हो जाने के बाद पूरा परिवार चंदवा में आकर बस गया और संजय साव ने बिखरे परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई. कठिन हालात के बीच उन्होंने पलामू जिले के बकोरिया में होटल का व्यवसाय शुरू किया और अपने परिवार का भरण-पोषण करने लगे. 

 


इसी बीच करीब आठ दिन पहले सोमवार को होटल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिसमें संजय साव बुरी तरह झुलस गए. उन्हें इलाज के लिए देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की सलाह दी. 

 

चिकित्सकों की सलाह पर संजय साव को एयर एंबुलेंस से रांची से दिल्ली ले जाया जा रहा था. इसी दौरान चतरा के करमटांड़ जंगल में एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें संजय साव, उनकी पत्नी और भांजे की जान चली गई.

 

परिवार के अनुसार, लॉकडाउन के बाद होटल का व्यवसाय धीमा पड़ गया था. घटना वाले दिन संजय साव खुद होटल में मौजूद थे और खाना बनाने में मदद कर रहे थे, तभी अचानक आग लग गई और वे बुरी तरह झुलस गए.

 

फिलहाल प्रशासन ने एयर एंबुलेंस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है. 

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp