Saraikela News : झारखंड के जमशेदपुर के पास स्थित आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां जिला) के जियाडा परिसर के बाहर खाऊ गली में हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस घटना में घायल मानगो निवासी शेखर तिर्की की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया.
इसे भी पढ़ें
गिरफ्तार आरोपियों में सालडीह निवासी मोहन बरुआ, ऋषभ बरुआ, मोहित बरुआ, ऋषिका बरुआ व मुक्ति बरुआ शामिल हैं. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से खून लगे कपड़े, तवा, चाकू और अन्य सामान बरामद किये हैं. पुलिस इन वस्तुओं को घटना से जुड़े साक्ष्य के रूप में देख रही है.
ज्ञात हो कि बीते मंगलवार की देर रात जियाडा परिसर के बाहर खाऊ गली स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर हाफ प्लेट चाउमीन व बोनलेस चिकन के ऑर्डर को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि ऑर्डर मिलने में देरी होने पर वहां पहुंचे लोगों ने ठेला संचालक के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
विवाद बढ़ने पर आसपास के दुकानदारों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति संभलने से पहले ही तवा और चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई. इस हमले में मानगो निवासी शेखर तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना में कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी मिली है. घटना के बाद पुलिस ने जियाडा परिसर के बाहर लगे अवैध फास्ट फूड ठेलों को हटवा दिया. साथ ही दोबारा वहां ठेला नहीं लगाने की सख्त चेतावनी दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

