Saraikela : जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सोमवार देर रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया. उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खनन विभाग, अंचल अधिकारी और ईचागढ़ थाना पुलिस की टीम ने पातकुम क्षेत्र में सघन वाहन जांच और छापेमारी की.
अभियान के दौरान बालू और पत्थर से लदे वाहनों के परिवहन चालान और खनिज की मात्रा की जांच की गई. जांच में पातकुम चौक के पास पत्थर लदे हाइवा वाहन संख्या JH05CF0396 में परिवहन चालान में दर्ज मात्रा से अधिक पत्थर ले जाते हुए पाया गया. वहीं, बालू से लदे दो ट्रैक्टर बिना वैध परिवहन चालान के बालू का परिवहन करते मिले.

अनियमितता पाए जाने पर तीनों वाहनों को जब्त कर ईचागढ़ थाना में सुरक्षित रखा गया है. जिला खनन विभाग ने मामले में खनन अधिनियम व अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment