Saraikela News : धनतेरस और दीपावली को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात की समस्या को देखते हुए शुक्रवार रात पुलिस ने प्रमुख सड़कों और बाजारों में पैदल गश्त की.
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारि के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ खुद सड़क पर उतरे और सघन जांच अभियान चलाया.
साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से अड्डाबाजी करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ जांच की गई.शेरे पंजाब चौक के आसपास संदिग्ध स्थानों की जांच कर हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

