Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत नशामुक्ति के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. समाज कल्याण विभाग की ओर से बुधवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नशा मुक्त समाज अभियान के तहत कई कार्यक्रम हुए. इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए उन्हें इससे दूर रहने का संदेश दिया गया.
इसे भी पढ़ें
अभियान में बच्चों, किशोरों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आंगनबाड़ी केंद्रों से जागरूकता रैली निकाली गई और लोगों को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई. चित्रकला, रंगोली, गीत-संगीत, पोस्टर और स्लोगन लिखो प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई गई. कार्यक्रम में नशे से प्रभावित लोगों को मिलने वाली सहायता और सेवाओं की जानकारी भी दी गई.
वहीं, प्रखंड स्तर पर जागरूकता रैली और सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत और संबंधित संस्थाओं ने भी सहयोग किया.
समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि सामूहिक प्रयास से नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

