Rajnagar/ Saraikela: झारखंड के लिए गर्व की बात है कि सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के कृष्णापुर गांव निवासी आशीष कुमार दास को देश की अग्रणी आईटी कंपनी इंफोसिस का अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है. कंपनी ने घोषणा की है कि वे 1 अप्रैल 2027 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे. उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा. हालांकि, नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के बाद प्रभावी होगी.
कंपनी के वैश्विक कारोबार का कर चुके नेतृत्व
करीब 30 वर्षों से अधिक समय से इंफोसिस से जुड़े आशीष कुमार दास वर्तमान में कंपनी में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और ग्लोबल बिजनेस पोर्टफोलियो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने कंपनी के वैश्विक कारोबार, ग्राहक-केंद्रित सेवाओं, डिलीवरी और सस्टेनेबल बिजनेस से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का नेतृत्व किया है.
इसे भी पढ़ें:
पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं आशीष
आशीष कुमार दास का सफर संघर्ष और मेहनत की मिसाल है. वे राजनगर प्रखंड के कृष्णापुर गांव के एक साधारण परिवार से आते हैं और पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं. उनके बड़े भाई मानस शंकर रंजन दास के अनुसार, आशीष बचपन से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर थे और हर कक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते थे.
सरकारी स्कूल से प्राप्त की शिक्षा-दीक्षा
उन्होंने सरकारी एसएस प्लस टू हाई स्कूल, राजनगर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद टाटा कॉलेज, चाईबासा से आगे की पढ़ाई की. 12वीं कक्षा के दौरान ही उनके पिता का निधन हो गया था, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और आगे बढ़ते रहे.
आईआईटी खड़गपुर से की इंजीनियरिंग
बाद में आशीष कुमार दास ने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इसके अलावा उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम भी किया. वर्तमान में वे अमेरिका के लॉस एंजेलिस में रहकर इंफोसिस के वैश्विक कारोबार का नेतृत्व कर रहे हैं. वे संयुक्त राष्ट्र के ग्लोबल इन्वेस्टर्स फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट अलायंस, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी जुड़े रहे हैं.
राजनगर के कृष्णापुर गांव से निकलकर सरकारी एसएस प्लस टू हाई स्कूल, राजनगर में पढ़ाई करने वाले आशीष कुमार दास का इंफोसिस के CEO पद तक पहुंचना झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment