Saraikela News : राजनगर प्रखंड के खाद्य आपूर्ति विभाग के गोदाम में DSD व्यवस्था को लेकर सोमवार को उस समय नाराजगी देखने को मिली, जब करीब 50 राशन डीलर एकजुट होकर DSD संचालक की कार्यशैली के विरोध में सामने आए.
इसे भी पढ़ें...
डीलरों ने DSD संचालक द्वारा मनोज महतो नामक एक बाहरी व्यक्ति को कार्य में लगाए जाने और उसके द्वारा राशन डीलरों के साथ कथित तौर पर अपशब्द एवं अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है.
डीलरों का आरोप है कि नेटो तिरिल गांव की मां सरस्वती महिला समिति की राशन डीलर पूर्णिमा महतो के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया. आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्हें ‘अपहरण’ जैसी धमकी भरी एवं आपत्तिजनक बात कही गई. इस घटना के बाद राशन डीलरों में काफी आक्रोश देखा गया.
मामले को लेकर डीलरों ने गोदाम परिसर में एकजुट होकर विरोध जताया और संबंधित व्यक्ति की कार्यशैली पर सवाल उठाए. डीलरों की मांग है कि मनोज महतो को तत्काल कार्य से हटाया जाए और पूरे मामले की जांच कर DSD संचालक एवं संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए.
डीलरों का कहना है कि खाद्यान्न वितरण जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में कार्यरत लोगों का व्यवहार राशन डीलरों के साथ सम्मानजनक और मर्यादित होना चाहिए. यदि किसी महिला राशन डीलर के साथ धमकी या अभद्र व्यवहार का आरोप सामने आता है, तो विभाग को मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए.
इधर, इस पूरे मामले को लेकर अब खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यशैली और DSD व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. राशन डीलरों ने स्पष्ट किया है कि उनकी शिकायत का समाधान नहीं होने पर वे आगे भी विरोध जारी रखने को मजबूर होंगे.
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले में DSD संचालक, मनोज महतो और खाद्य आपूर्ति विभाग का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

