Saraikela News : खरसावां जिले के चांडिल स्थित लेंगडीह में एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और एक घर से टकरा गई.
मिली जानकारी के अनुसार, आधुनिक कंपनी की बोलेरो (संख्या JH05 CD 2186) सुरक्षा गार्डों को लेकर चांडिल स्थित यार्ड जा रही थी. इसी दौरान लेंगडीह के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त दो महिलाएं घर के बाहर बैठी थीं. बोलेरो को तेजी से अपनी ओर आता देख दोनों ने तुरंत कूदकर खुद को बचाया. स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच बहस भी हुई. हादसे के बाद इलाके में सड़क किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

