Search

 
 
 

Saraikela News : खड़े ट्रेलर से टकराई कार, सात गंभीर रूप से घायल

Saraikela News : टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार सभी सात युवक अंदर बुरी तरह फंस गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, कार में सवार सुमित कामिला, विवेक राणा, अभिषेक प्रमाणिक, चंदन सिंह देव, रंजन सिंह देव, रौनक दास और शिवा नायक जगधात्री मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे.
 
NH-220 पर सड़क हादसा

Saraikela News : खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-220 पर बागरायसाई के तीखे मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. जगधात्री मेला देखकर घर लौट रहे सात युवकों की अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से जा टकराई.

 

 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार सभी सात युवक अंदर बुरी तरह फंस गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, कार में सवार सुमित कामिला, विवेक राणा, अभिषेक प्रमाणिक, चंदन सिंह देव, रंजन सिंह देव, रौनक दास और शिवा नायक जगधात्री मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे.

 

इसी दौरान बागरायसाई के तीखे मोड़ के पास उनकी अर्टिगा कार (JH05CM2355) सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और चालक समेत सभी युवक अंदर फंस गए.

 

हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद लेनी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद सभी सात युवकों को कार से बाहर निकाला गया.

 

इसके बाद सभी घायलों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर रेफर किया गया. वहीं, एक घायल का इलाज राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी बताया गया है.

 

अस्पताल पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष, बेहतर इलाज की मांग

 

घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया.

 

इस दौरान मनोज कुमार चौधरी ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की व्यवस्था पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह लापरवाही से खड़े भारी वाहन आम लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बन रहे हैं. ऐसी घटनाओं को महज दुर्घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

 

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर ठोस पहल की जाएगी.दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर निगरानी रखने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत है. उन्होंने जिला प्रशासन से इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने की अपील की. साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

 

विधायक प्रतिनिधि ने 108 एंबुलेंस सेवा पर उठाए सवाल

 

इधर, घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य भी राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके इलाज की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई.

 

सनत आचार्य ने कहा कि सड़क हादसे जैसी आपात स्थिति में भी समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जब लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत होती है, उस समय एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही