Search

 
 
 

Saraikela News: DC ने की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई.
 

Seraikela-Kharsawan: जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के निष्पादन, लाभुक सत्यापन और सहायता राशि भुगतान की स्थिति पर प्रगति अपडेट की जानकारी ली.


बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ा जाए तथा स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए.


स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा के क्रम में प्राप्त आवेदनों का विभागीय प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन कर पात्र बच्चों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा सहायता राशि का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने पर बल दिया. साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश भी दिए.


झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा गया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य में आने वाली तकनीकी समस्याओं एवं अन्य बाधाओं की जानकारी तत्काल विभागीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका समयबद्ध समाधान कर प्रक्रिया को गति दी जा सके.


बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिका सहित सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही