Search

 
 
 

Saraikela News: रूंगटा माइन्स चालियामा प्लांट का DC ने किया दौरा, सड़क सुरक्षा का लिया जायजा

झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश सरायकेला जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट का दौरा किया. उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया.
 

Saraikela-Kharsawan: झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश सरायकेला जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट का दौरा किया. उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चालियामा स्टील प्लांट परिसर एवं आसपास भारी वाहनों के संचालन, पार्किंग व्यवस्था और पिछले एक माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए. इसके लिए संस्थान प्रबंधन एवं संबंधित विभागों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया.

 

उपायुक्त ने संभावित दुर्घटना स्थलों और ब्लैक स्पॉट का स्थल निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने का निर्देश दिया. उन्होंने संस्थान प्रबंधन को एंबुलेंस एवं फायर वाहन को हमेशा एक्टिव मोड में रखने, बड़े वाहनों की गति सीमा प्रदर्शित करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए.

 

सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रूंगटा माइन्स को दो स्थानों पर यातायात चेक पोस्ट स्थापित करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि भारी वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग हो सके. वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-220 के कार्यपालक अभियंता को रंबल स्ट्रिप, ज़ेबरा क्रॉसिंग और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए. सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों को हटाने को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

 

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं यातायात निरीक्षक को नियमित रूप से ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

 

इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चालियामा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा उपलब्धता, उपचार कक्ष एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, मरीजों को समय पर उपचार देने तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को हमेशा सक्रिय रखने का निर्देश दिया.

 

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रविशंकर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, यातायात निरीक्षक राजू, थाना प्रभारी विपुल ओझा समेत अन्य अधिकारी एवं संस्थान प्रतिनिधि मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही