Search

 
 
 

Saraikela News: भलूकाडीह में गहराया पेयजल संकट, ‘हर घर जल’ योजना बनी शोभा की वस्तु

जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत तुमुंग पंचायत के भलूकाडीह गांव में भीषण पेयजल संकट से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर जल नल योजना” गांव में केवल नाम मात्र की साबित हो रही है.
 

Saraikela: जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत तुमुंग पंचायत के भलूकाडीह गांव में भीषण पेयजल संकट से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर जल नल योजना” गांव में केवल नाम मात्र की साबित हो रही है. सोलर आधारित जलमीनार और पाइपलाइन व्यवस्था होने के बावजूद लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे है.

 

बुधवार को पानी की समस्या से नाराज ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा. दर्जनों महिलाएं डेकची, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर गांव के सोलर जलमीनार के पास पहुंचीं और पेयजल विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया. महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई दिनों से जलापूर्ति ठप है, लेकिन विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं.

 

ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण स्थिति और भी खराब हो गई है. गांव के लोगों को दूर-दराज स्थित चापाकलों और अन्य जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है. महिलाओं का कहना है कि सुबह से शाम तक पानी की व्यवस्था करने में ही उनका अधिकांश समय बीत जाता है.

 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पेयजल विभाग से अविलंब खराब पड़ी जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर नियमित पानी उपलब्ध कराने की मांग की है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही