Saraikela News : चांडिल अनुमंडल के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर पर हमला कर दिया.
हाथी ने घर की दीवार तोड़ दिया और अंदर रखा अनाज खा गया. घटना के समय जीतू महतो की पत्नी और उनके दो बच्चे घर के अंदर सो रहे थे. अचानक हाथी के घर में घुसने से परिवार में चीख-पुकार मच गई.
हाथी के आक्रामक होने पर दोनों बच्चों ने खिड़की से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई. वहीं, उनकी मां घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं. महिला के अनुसार, हाथी ने कई बार उनकी ओर हमला करने की कोशिश की.
अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने घर में रखा अनाज हाथी को देना शुरू कर दिया, ताकि वह शांत हो जाए. इसी दौरान हाथी ने जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं. हालांकि, इस तरह उनकी जान बच गई.
गनीमत रही कि घर की टूटी हुई दीवार परिवार के सदस्यों पर नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. हाथी के हमले में घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है. घर के आंगन में दोनों बच्चे अपनी मां के साथ रोते-बिलखते नजर आए.
इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों का गांवों में घुसना लगातार जारी है, जिससे लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है. इसके बावजूद हाथियों को गांव में प्रवेश करने से रोकने के लिए समय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और गांवों में उनके प्रवेश से पहले ही रोकथाम के लिए टीम को सक्रिय करने की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है. घर टूटने के बाद अब परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता अपने बच्चों के साथ रहने और उनके भरण-पोषण की है.

