Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के जोंबरो गांव में आदिवासी महिला विश्वासी सोय की नृशंस हत्या के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा शुक्रवार को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया. कहा कि प्रशासन से बातचीत कर सरकारी प्रावधानों के तहत उन्हें मुआवजा और न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे.
इसे भी पढ़ें
सोनाराम बोदरा ने कहा कि यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है. ऐसी बर्बर घटनाएं समाज के लिए कलंक हैं. आदिवासी समाज शांतिप्रिय है. इस तरह की अमानवीय वारदात को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने जिला प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट से कराकर पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की. आदिवासी कोल्हान सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु बानरा ने भी आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की है.
गौरतलब है कि मंगलवार 11 नवंबर की शाम जोंबरो गांव में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता के दौरान विश्वासी सोय हड़िया बेच रही थीं. आरोप है कि इसी दौरान गांव का 54 वर्षीय पैलेस मुंडा वहां पहुंचा और हड़िया पीने के बाद महिला को जबरन अपने घर ले गया. देर रात तक महिला के घर नहीं लौटने पर उसके पति निर्मल सोय तलाश में निकले. रात करीब 12 बजे घर के पास ही महिला का क्षत-विक्षत शव मिला.
आरोप है कि महिला की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव के साथ भी बर्बरता की गई. ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि आरोपी ने महिला के निजी अंग काटकर पकाने और खाने का प्रयास किया था. हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद ग्रामीणों ने कथित आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

