Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है. स्ट्रीट लाइट का नया कनेक्शन लगाने के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी एक हेल्पर की जान पर भारी पड़ गई. बिना शटडाउन लिए पोल पर काम कर रहा हेल्पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार के संपर्क में आकर झुलस गया.
इसे भी पढ़ें
गंभीर रूप से झुलसे जगरनाथ गिरी को आनन-फानन में आदित्यपुर ईएसआई अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टर ने उसकी स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर के टीएमएच रेफर कर दिया.
घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे आदित्यपुर के वार्ड संख्या 17 में केसरी गैस एजेंसी के पास हुई. यहां आदित्यपुर नगर निगम की स्ट्रीट लाइट के लिए नया मीटर लगाया जा रहा था. आईपीएसजी एजेंसी में काम करने वाला हेल्पर जगरनाथ गिरी अपने दो सहयोगियों के साथ इस काम में जुटा था.
बताया जा रहा है कि एलटी मीटर लगाने के बाद जब जगरनाथ केबल बांध रहा था, तभी उसका हाथ पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया. करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया. आरोप है कि काम के दौरान कर्मचारियों को न तो सुरक्षा के लिए हैंड ग्लव्स और हेलमेट दिए गए थे और न ही पावर सब स्टेशन से 11 केवी लाइन का शटडाउन लिया गया था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

