Search

 
 
 

Saraikela News : कपाली लूटकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी तारिक कुरैशी नागपुर से गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, पिछले 7 मई की दोपहर करीब 3:15 बजे कपाली ओपी क्षेत्र के डैमडूबी अंसारनगर में रबाना खातून के घर के पास माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे.
 
गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस की टीम.

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कर्मी से हुई लूट व फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी कुख्यात अपराधी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं.

 

जानकारी के अनुसार, पिछले 7 मई की दोपहर करीब 3:15 बजे कपाली ओपी क्षेत्र के डैमडूबी अंसारनगर में रबाना खातून के घर के पास माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे. अपराधियों ने फायरिंग भी की थी, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तुरंत जांच शुरू कर दी.

 

 

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच व लोगों की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना का मुख्य आरोपी तारिक कुरैशी है, जो मूल रूप से डैमडूबी अंसारनगर का रहने वाला है. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नागपुर के ताजबाग अयोध्या नगर इलाके में छिपकर रह रहा था. पुलिस टीम नागपुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर कपाली लाई. पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम की एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की है.

 

पुलिस के अनुसार, तारिक कुरैशी साल 2021 के चर्चित जब्बार अंसारी हत्याकांड में भी आरोपी है. उस मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ चांडिल व कपाली ओपी में लूट, हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि साल 2016 में उसके खिलाफ लूट, 2019 में हत्या का प्रयास और 2021 में हत्या के दो मामले दर्ज हुए थे. उसकी गिरफ्तारी में ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एसआई रंजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार मिश्रा, आरक्षी दस्तगीर आलम और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही