Search

 
 
 

Saraikela News :  गम्हरिया CHC के स्टाफ क्वार्टर से भारी मात्रा में दवाएं बरामद, सिविल सर्जन ने बैठाई जांच

जिले के गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में दवाओं के रखरखाव को लेकर एक नया विवाद सामने आया है. एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बीच अब सीएचसी परिसर स्थित एक स्टाफ क्वार्टर से बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद हुई है. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
 

Saraikela :   जिले के गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में दवाओं के रखरखाव को लेकर एक नया विवाद सामने आया है. एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बीच अब सीएचसी परिसर स्थित एक स्टाफ क्वार्टर से बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद हुई है. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

 

 

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों और मीडिया की मौजूदगी में संबंधित स्टाफ क्वार्टर की जांच की गई. जांच के दौरान क्वार्टर के अलग-अलग कमरों में रखे बक्सों से बड़ी संख्या में दवाएं मिलीं. हैरानी की बात यह रही कि कुछ दवाएं शौचालय में भी रखी गई थीं. प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि बरामद दवाओं में कुछ ऐसी दवाएं शामिल हो सकती हैं, जिनकी वैधता अवधि समाप्त हो चुकी है.

 

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब दवाओं को वहां से हटाने की कोशिश करने की वीडियो और तस्वीरें सामने आईं. वीडियो में कुछ लोग क्वार्टर के अंदर से दवाओं के बक्से तेजी से बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं. इस घटनाक्रम ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अस्पताल की दवाएं स्टोर रूम की बजाय स्टाफ क्वार्टर में क्यों रखी गई थीं और उन्हें अचानक हटाने की जरूरत क्यों पड़ी.

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है. सरायकेला के सिविल सर्जन सरजू प्रसाद ने मामले को गंभीर बताते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि दवाएं क्वार्टर में किसके निर्देश पर रखी गई थीं, उनका रिकॉर्ड क्या है और उन्हें हटाने की कोशिश क्यों की गई.

 

सिविल सर्जन ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही