Search

 
 
 

SaraiKela  News : शादी में खाना बनाने जा रहे व्यक्ति की वाहन की टक्कर से मौत

खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई.
 

SaraiKela : खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर गांव निवासी 56 वर्षीय सुबोध प्रामाणिक के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है.

 

जानकारी के अनुसार, सुबोध प्रामाणिक शादी समारोहों में खाना बनाने का काम करते थे. शनिवार सुबह वह अपने गांव से आदारडीह में आयोजित एक विवाह समारोह में खाना बनाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान सुबह करीब छह बजे बंगाल सीमा के पास झिमरी मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के निकट एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

 

हादसे में सुबोध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े. घटना की सूचना मिलने पर नीमडीह थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए नीमडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई. हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. शव को देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

 

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही