Search

 
 
 

Saraikela News : सड़क पार करते समय वाहन की चपेट में आया व्यक्ति, हालत गंभीर

खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एनएच-33 पर एक हिट एंड रन की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
 

Saraikela : खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एनएच-33 पर सड़क हादसे में  एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा दुबराजपुर गांव के पास शाम करीब 7:45 बजे हुआ, जब एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि घायल व्यक्ति कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायल को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई.

 

घायल व्यक्ति को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांडिल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के मुताबिक उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. समाचार लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी.

 

घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए टोल प्लाजा से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

इधर, एनएच-33 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने प्रशासन से प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने, वाहनों की गति नियंत्रित करने और अन्य सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही