Search

 
 
 

Saraikela News: 103 दिन बाद खत्म हुई मनरेगा कर्मियों की हड़ताल, ड्यूटी पर लौटे

झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ और ग्रामीण विकास विभाग के बीच लंबी वार्ता के बाद आखिरकार मनरेगा कर्मियों की 103 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई.
 

Rajnagar: झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ और ग्रामीण विकास विभाग के बीच लंबी वार्ता के बाद आखिरकार मनरेगा कर्मियों की 103 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई. हड़ताल समाप्त होने की घोषणा के बाद शनिवार को राजनगर प्रखंड के सभी हड़ताली मनरेगा कर्मी एवं रोजगार सेवकों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपना योगदान दिया और विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया.


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रांची स्थित ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय में विभागीय सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच विभिन्न मांगों पर वार्ता हुई. वार्ता के दौरान संघ की कई प्रमुख मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद संघ ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया.


राजनगर प्रखंड के मनरेगा कर्मियों ने बताया कि वे पिछले 103 दिनों से अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत थे. विभाग की ओर से मांगों पर सहमति मिलने के बाद कर्मियों में खुशी का माहौल है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही राज्य सरकार इन सहमतियों को कैबिनेट से मंजूरी प्रदान करेगी, जिससे उनकी लंबित मांगों का स्थायी समाधान हो सकेगा.


हड़ताल समाप्त होने के बाद प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा योजनाओं के संचालन में तेजी आने की उम्मीद है. लंबे समय से प्रभावित विकास कार्यों को अब गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन से जुड़े कार्य पुनः सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे. इससे हजारों मजदूरों एवं लाभुकों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है. मनरेगा कर्मियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पुनः शुरू कर दिया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही