Search

 
 
 

Saraikela News : चांडिल में पंजी टू में गड़बड़ी के विरोध में नप उपाध्यक्ष धरने पर बैठे

चांडिल प्रखंड सह अंचल कार्यालय के बाहर गुरुवार को कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए. पंजी टू मामले में भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
 

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड सह अंचल कार्यालय के बाहर गुरुवार को कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने पंजी टू मामले में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

 

धरना-प्रदर्शन के दौरान भ्रष्टाचार बंद करो, पंजी टू घोटाले की जांच करो और रिपोर्ट सार्वजनिक करो जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू ने आरोप लगाया कि जमीन से जुड़े पंजी टू मामलों में गलत तरीके से नाम दर्ज कर करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ है.

 

मीडिया से बातचीत में सिंटू ने कहा कि पिछले दस दिनों से वे अधिकारियों से रिपोर्ट और दस्तावेज मांग रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. कहा कि अगर प्रशासन के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में बड़े स्तर पर गबन हुआ है. निष्पक्ष जांच होने पर कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं.

 

सिंटू ने वर्ष 2015, 2016 और 2017 के दौरान भाजपा सरकार के कार्यकाल में करीब 300 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है. मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है.


मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू ने पंजी टू मामले की निष्पक्ष जांच, रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चांडिल अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार महतो को एक आवेदन भी सौंपा. चांडिल सीओ प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की जा रही है. दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही