Search

Saraikela News: एनजीटी के प्रतिबंध के बीच गीली रेत के परिवहन पर लोगों ने उठाए सवाल

Saraikela : जिले में रेत के खनन और परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. सोमवार सुबह कांड्रा टोल प्लाजा के पास गीली रेत से लदे कई ओवरलोड हाईवा गुजरते देखे गए. यह मामला ऐसे समय सामने आया है. जब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के तहत गर्मी के मौसम में नदियों से रेत खनन पर रोक लागू है.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज गर्मी और लगातार गिरते जलस्तर को देखते हुए रेत खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है. इसके बावजूद सड़कों पर गीली रेत से भरे वाहनों का चलना कई सवाल पैदा कर रहा है. लोगों के अनुसार अगर खनन पूरी तरह बंद है, तो इतनी मात्रा में गीली रेत आखिर कहां से लाई जा रही है.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कांड्रा टोल प्लाजा के पास JH22K-3928 और JH02BU-3834 नंबर के हाईवा वाहनों में क्षमता से अधिक रेत लदी हुई थी. रेत की स्थिति देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे हाल ही में किसी नदी क्षेत्र से निकाला गया हो सकता है. हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.

 

बताया जा रहा है कि इन दिनों इलाके का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है और अधिकांश नदियों का जलस्तर काफी नीचे चला गया है. ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और नदी तंत्र को सुरक्षित रखने के लिए रेत खनन पर रोक लागू है. इसके बावजूद गीली रेत के परिवहन की तस्वीरें और वीडियो सामने आने से प्रशासनिक निगरानी और नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं.

 

स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से रेत निकासी और परिवहन किया जा रहा है, तो इससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.

 

फिलहाल गीली रेत के परिवहन को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि रेत का वास्तविक स्रोत क्या है और उसका परिवहन नियमों के अनुसार किया जा रहा था या नहीं.  इसका स्पष्ट जवाब संबंधित विभागों की जांच के बाद ही सामने आएगा. जिला प्रशासन और खनन विभाग की अगली कार्रवाई पर अब सभी की नजर बनी हुई है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//