Saraikela : खरसावां जिले के सिनी ओपी क्षेत्र में पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों से जुड़े कानूनों और अधिकारों की जानकारी दी गई.
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को जागरूक रहने और किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की.अभियान के दौरान सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने ग्रामीणों को नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर बिना पुष्टि विश्वास नहीं करना चाहिए. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है.
पुलिस ने ग्रामीणों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी. इसमें चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर ठगी की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग इन नंबरों पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक कानूनी जानकारी और सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है, ताकि लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और समय पर मदद ले सकें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment