Search

 
 
 

Saraikela News: मतदाता सूची से नाम कटने की अफवाह, DC बोलें- हर मतदाता का नाम होगा शामिल

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच सरायकेला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना प्रक्रिया के नहीं हटाया जाएगा.
 

Saraikela: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच सरायकेला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना प्रक्रिया के नहीं हटाया जाएगा. उन्होंने लोगों से भ्रामक और गलत सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.

 

 

उपायुक्त ने कहा कि कुछ माध्यमों से यह गलत प्रचार किया जा रहा है कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे. उन्होंने साफ किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा और योग्य लोगों का नाम नई मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. किसी भी मतदाता के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा.

 

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के लिए 1 अक्टूबर 2026 को योग्यता तिथि निर्धारित की गई है. कार्यक्रम के अनुसार 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक दस्तावेजों के मुद्रण का कार्य किया जा रहा है. इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे.

 

उपायुक्त ने कहा कि इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी पूरा किया जाएगा, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने जानकारी दी कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा. इस दौरान छूटे हुए पात्र मतदाता अपना नाम जुड़वा सकेंगे तथा सूची में आवश्यक सुधार भी करा सकेंगे.

 

दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन और नोटिस संबंधी प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. जिला प्रशासन ने नागरिकों से पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने, सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही