Saraikela News : चांडिल थाना क्षेत्र के चांडिल गोलचक्कर के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से पॉलीटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों छात्र गम्हरिया से बाइक पर सवार होकर चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज जा रहे थे. इसी दौरान गोलचक्कर के पास ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. वहीं घायल छात्र की पहचान समीर दास के रूप में हुई है. दोनों छात्रों के गम्हरिया निवासी होने की जानकारी सामने आई है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायल समीर दास को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृत छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घायल छात्र का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है. मृतक की पहचान के साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, चांडिल गोलचक्कर के आसपास लगातार वाहनों का दबाव बढ़ रहा है. सड़क की खराब स्थिति और यातायात व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी है. उनका कहना है कि सड़क की सतह कई जगह खराब होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है.
इसके बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और एनएचएआई से चांडिल गोलचक्कर और आसपास की सड़क को दुरुस्त कराने, यातायात व्यवस्था बेहतर करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है. इस हादसे ने एक बार फिर चांडिल गोलचक्कर की सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

