Search

 
 
 

Saraikela News :युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर धरना

गुजरात के सूरत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है.
 

Saraikela : गुजरात के सूरत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. गुरुवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण शव को एंबुलेंस में रखकर आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के बाहर धरने पर बैठ गए. परिजन मामले की निष्पक्ष जांच, मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं.

 

 

मृतक की पहचान जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी 32 वर्षीय साजू केशरी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार साजू गुजरात के सूरत स्थित जेके पेट्रोलियम कंपनी में कार्यरत था. 22 जून की रात कंपनी के क्वार्टर में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला था. घटना की सूचना मिलने के बाद शव को उसके पैतृक क्षेत्र लाया गया.

 

परिजनों का आरोप है कि साजू केशरी को आदित्यपुर स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के माध्यम से सूरत भेजा गया था. उनका कहना है कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और कंपनी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.

 

धरना दे रहे परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

 

मामले में कंपनी प्रबंधन से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.धरना स्थल पर झामुमो नगर सचिव कृष्णा महतो, नगर उपाध्यक्ष राजेश लाहा, बहादुर किस्कू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने परिजनों की मांगों का समर्थन करते हुए न्याय दिलाने की मांग की.कंपनी गेट के बाहर जारी प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है. फिलहाल परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही