Search

 
 
 

Saraikela News : फर्नेस ब्लास्ट के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, गैलेक्सी एक्सपोर्ट प्लांट के मेन गेट पर प्रदर्शन

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने प्लांट को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित करने, पूरे प्लांट की उच्चस्तरीय सुरक्षा जांच कराने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
 
  • प्लांट को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित करने
  • पूरे प्लांट की उच्चस्तरीय सुरक्षा जांच कराने
  • स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
  • जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जारी रहेगा आंदोलन

Saraikela :  जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट इंगोट प्लांट में मंगलवार को हुए फर्नेस ब्लास्ट के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा.

 

बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के मुख्य गेट पर पहुंच गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया. विरोध कर रहे लोगों ने गेट के सामने पत्थर, बांस और बल्लियां लगाकर प्लांट में प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया.

 

ग्रामीणों का आरोप है कि फर्नेस ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पूरे इलाके में धमाके की आवाज सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए. विस्फोट के बाद उठे धूल और धुएं के गुबार से आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ.

 

इस हादसे में प्लांट के दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि एक अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गया. दोनों घायलों का इलाज जमशेदपुर के अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

 

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि घनी आबादी के बीच संचालित इस प्लांट में आए दिन तकनीकी खराबियां और दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इससे आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल पर लगातार खतरा बना हुआ है.

 

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने प्लांट को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित करने, पूरे प्लांट की उच्चस्तरीय सुरक्षा जांच कराने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

 

उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. इधर  गेट जाम की सूचना मिलने के बाद चांडिल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया.

 

वहीं, फर्नेस ब्लास्ट के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है.  हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था.

 

घटना के बाद पूरे भुइयांडीह क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.  ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन और प्लांट प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही