Search

 
 
 

Saraikela News :  यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मातम

सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाता चाईबासा मुख्य मार्ग पर गुरूवार को एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई
 

Saraikela : सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाता चाईबासा मुख्य मार्ग पर गुरूवार को एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना कुजू पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार पार्वती यात्री बस ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.

 

 

मृतक की पहचान राजनगर प्रखंड के रोलाडीह निवासी सूरज महाकुड़ के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सूरज महाकुड़ पेशे से हाईवा चालक था और वह अपनी मोटरसाइकिल से चक्रधरपुर के नाडुपदा स्थित ससुराल पत्नी को लाने जा रहा था. इसी दौरान कुजू पुल के समीप यह हादसा हो गया.

 

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

 

सूचना मिलते ही चाईबासा सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और गांव के लोग सदर अस्पताल पहुंचे. जहां परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर राजनगर थाना पहुंचे, जहां बस मालिक से मुआवजे की मांग की गई. थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव लेकर रवाना हो गए.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और यात्री बसों की ओवरटेक की होड़ के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं. यात्रियों को बैठाने की प्रतिस्पर्धा में बस चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही