Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में महज एक सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने ही अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी. 9 नवंबर की शाम जमालपुर के सतवाहिनी में हुई सोनू कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली गई है.
इसे भी पढ़ें
यह जानकारी सरायकेला एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे विशाल ने सोनू को गोली मारी थी. पुलिस की विशेष टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर सापड़ा पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया.
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि विशाल और सोनू दोस्त थे. दोनों के परिवार भी एक-दूसरे को जानते थे. घटना के दिन दोनों साथ में शराब पी रहे थे. इसी दौरान सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हुआ और विशाल ने पिस्टल निकालकर सोनी को गोली मार दी. सोनू की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपी डिमना चौक से बस पकड़कर उसी रात शेरघाटी भाग गया था. कुछ समय वहां रहने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. कागजी प्रक्रिया के बाद उसे जेल भेज दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

