Search

 
 
 

Saraikela : कपाली मेडिकल दुकान में फायरिंग व लूटकांड का मुख्य आरोपी सारिक गिरफ्तार

कपाली ओपी क्षेत्र स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने, फायरिंग करने और लूटपाट की घटना के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
 

Saraikela : कपाली ओपी क्षेत्र स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने, फायरिंग करने और लूटपाट की घटना के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सरायकेला-खरसावां पुलिस ने उसे आजादनगर के बगान शाही इलाके से दबोचा. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

 


पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष टीम लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी. आखिरकार 21 जून 2026 को उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे कपाली स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में अपराधियों ने घुसकर दुकान संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की थी. विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, दुकान में तोड़फोड़ की और नकद राशि समेत मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे.


घटना के बाद कपाली ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. इनमें तीन आरोपी सीधे इस मामले में गिरफ्तार किए गए थे, जबकि पांच अन्य आरोपियों को दूसरे मामलों में गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी. पुलिस पहले ही वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और गोली बरामद कर चुकी है.


गिरफ्तार आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा की उम्र 26 वर्ष है. वह मूल रूप से कोवाली का रहने वाला है और फिलहाल आजादनगर में किराये के मकान में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ झारखंड के चांडिल, बहरागोड़ा और पोटका समेत विभिन्न थानों के अलावा ओडिशा के गोरूमहिषाणी थाना क्षेत्र में भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ इस चर्चित फायरिंग और रंगदारी कांड की जांच को बड़ी सफलता मिली है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही