Lagatar Desk : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त रूप से 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' नाम की नई साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन उत्तर प्रदेश स्थित भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या कैंट और नेपाल स्थित माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम के बीच चलेगी. इस नई रेल सेवा के शुरू होने से अब श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद सीधे जनकपुरधाम जाकर माता सीता के दर्शन करना बेहद आसान हो जाएगा.
#WATCH दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। (वीडियो सोर्स: डीडी) https://t.co/1qX67hM4Bj
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 23, 2026
कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन
ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त रूप से भारत और नेपाल के बीच कई प्रमुख कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन किया. साथ ही कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से धारचूला सड़क पुल और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट शामिल हैं.
धारचूला सड़क पुल : उत्तराखंड और नेपाल को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क पुल का उद्घाटन किया गया.
इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट : बनबसा में नई चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई. जबकि नेपाल की ओर दोधारा चांदनी में इसके निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्णय लिया गया.
सीमा संपर्क पर जोर : बिहार और उत्तर प्रदेश सहित भारत के विभिन्न राज्यों और नेपाल के बीच सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को नई गति देने पर सहमति बनी.
इसे भी पढ़ें
नेपाल के विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज का ऐलान
ट्रेन के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार भारत दौरे पर आए नेपाल के युवा पीएम बालेन शाह का स्वागत किया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है. इस दौरान पीएम मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया. उन्होंने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास को गति देने के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की भी घोषणा की.
नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं
पीएम मोदी ने दोनों देशों की साझा संस्कृति का जिक्र करते हुए 2018 के अपने जनकपुर दौरे को याद किया, जब उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और हमारे राम भी अधूरे हैं. उन्होंने बताया कि 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है और अकेले 2025 में दुनिया भर से करीब 30 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं. कहा कि आज शुरू की गई ट्रेन सेवा "सरयू-कमला एक्सप्रेस" से हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं.

