Sasaram News : सासारम के अमझौर थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा के जुलूस के दौरान सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई व पांच लोग घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, अमझौर थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा के बाद शुक्रवार को ग्रामीण ट्रैक्टर पर प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए सोनभद्र नदी की ओर जा रहे थे. उस दौरान ट्रैक्टर पर कई लोग सवार थे.
इसे भी पढ़ें...
इसी दौरान एनएच-119 पर स्टेशन के समीप तेज रफ्तार डंपर ने प्रतिमा रखे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में कई लोग घायल हो गए. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया.
मौत की खबर मिलते ही लोगों का गुस्सा बढ़ गया. लोगों ने डंपर को घेर और तोड़फोड़ शुरू कर दी. इसी दौरान डंपर का चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ के बाद डंपर में आग लगा दी.
आग बुझाने और लोगों को समझाने पहुंची पुलिस टीम पर भी भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया. जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बाकी घायलों का इलाज किया जा रहा है.
आक्रोशित ग्रामीण हादसे के विरोध में शनिवार को सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर दिया. इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और वाहनों की कतार लग गई. पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

