Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के राष्ट्रव्यापी वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत 8 अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है. इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की.
बैठक में अभियान को राज्यभर में व्यापक स्तर पर चलाने के लिए जिला पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए. सभी जिलों में स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों के अनुसार “वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च” निकालने को कहा गया है. मार्च में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:
कांग्रेस के अनुसार मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर जिला समाहरणालय अथवा डीएम कार्यालय तक निकाला जाएगा. निर्धारित स्थल पर पहुंचने के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा. इसके बाद भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से वाचन किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन का भी कार्यक्रम रखा गया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला इकाइयों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है.
पार्टी ने सभी जिलों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रमों को अनुशासित और प्रभावी तरीके से आयोजित करने का निर्देश दिया है. बैठक में अभियान के जरिए लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने पर जोर दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

