Ranchi : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने आगामी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा है. इस संभावित हड़ताल की घोषणा को देखते हुए देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने ग्राहकों को परेशानी से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है.
बैंक ने ग्राहकों से शाखाओं से जुड़े अपने सभी महत्वपूर्ण और लंबित बैंकिंग कार्य हड़ताल से पहले ही निपटाने की अपील की है. एसबीआई ने कहा है कि हड़ताल की अवधि में आवश्यक सेवाओं को सुचारू रखने के पूरे प्रयास होंगे, फिर भी शाखाओं का नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है.
इस स्थिति से निपटने और ग्राहकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ने नकद लेनदेन के लिए एटीएम और स्वचालित जमा एवं निकासी मशीनों (एडी डब्ल्यूएम) का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़ें
बैंक ने ग्राहकों से आग्रह किया है कि वे अपनी बुनियादी बैंकिंग जरूरतों के लिए ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) का लाभ उठाएं. साथ ही शाखाओं पर निर्भरता कम करने के लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो ऐप, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसे त्वरित व सुरक्षित डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता दें. एसबीआई ने खेद व्यक्त करते हुए ग्राहकों को समय रहते काम निपटाने की सलाह दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

