Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय में बुधवार को स्कूल ऑफ एजुकेशन का उद्घाटन एवं स्थापना समारोह आयोजित किया गया. कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर इसकी शुरुआत की. इसके साथ ही एमए इन एजुकेशन के सत्र 2026–28 की शैक्षणिक यात्रा भी शुरू हुई. इस पहल से झारखंड में शिक्षा-शास्त्र के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें:
कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने कहा कि स्कूल ऑफ एजुकेशन की स्थापना राज्य में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और अनुसंधान के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उच्चस्तरीय अध्ययन और अकादमिक विकास का अवसर मिलेगा. उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शिक्षक-शिक्षा को नई दिशा देने पर जोर दिया. उन्होंने एमए इन एजुकेशन की एमएड के समकक्षता के विषय पर भी अपनी बात रखी.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि स्कूल ऑफ एजुकेशन की स्थापना से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार होगा. इससे विद्यार्थियों को अध्ययन, शोध और नवाचार के बेहतर अवसर मिलेंगे.
छात्र कल्याण संकाय के डीन प्रो. सुदेश कुमार साहू ने कहा कि शिक्षक-शिक्षा का उद्देश्य केवल विषय का ज्ञान देना नहीं है. भावी शिक्षकों में आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का विकास भी जरूरी है.
सीवीएस की निदेशक डॉ. स्मृति सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में एकीकृत शिक्षक-शिक्षा कार्यक्रम (ITEP) की प्रासंगिकता बताई. उन्होंने कहा कि शिक्षक-शिक्षा को बहुविषयक, व्यावहारिक और नवाचार आधारित बनाना जरूरी है. तकनीकी दक्षता, शोध और आधुनिक शिक्षण पद्धतियां भावी शिक्षकों को नई चुनौतियों के लिए तैयार करेंगी.
निदेशक, आजीवन अधिगम एवं शिक्षा डॉ. सुनीता कुमारी गुप्ता ने कहा कि स्कूल ऑफ एजुकेशन की स्थापना से राज्य में शिक्षक-शिक्षा और शिक्षा-शास्त्र के क्षेत्र में अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा.
समारोह में बेथेसदा विमेंस टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज की प्रशिक्षु शिक्षिकाओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया. एमए इन एजुकेशन के नए विद्यार्थियों का परिचय कराया गया. कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनीता कुमारी गुप्ता ने किया.
इस अवसर पर रांची विमेंस कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, बेथेसदा विमेंस टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज और गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, कांके के प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं और प्राध्यापक उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

