Search

 
 
 

Dhanbad News: पुलिस से बचने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर चढ़ी स्कॉर्पियो, टला हादसा

मधुबन थाना पुलिस से बचने के प्रयास में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सोनारडीह रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर जा फंसी. घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन को बीच ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए.
 
कोयले की राजधानी की खबरें

Dhanbad: मधुबन थाना पुलिस से बचने के प्रयास में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सोनारडीह रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर जा फंसी. घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन को बीच ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए. गेटमैन की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते ट्रैक को ब्लॉक कर दिया गया जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया. घटना सोमवार देर रात की है.

इसे भी पढ़ें

जानकारी के अनुसार मधुबन थाना पुलिस देर रात गश्त पर थी. इसी दौरान बोकारो की ओर से आ रही लाल रंग की स्कॉर्पियो (संख्या JH10AA/2654) को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा. संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया. भागते-भागते स्कॉर्पियो सोनारडीह रेलवे फाटक पहुंची लेकिन उस समय फाटक बंद था. 

Uploaded Image

पुलिस से बचने के लिए चालक ने वाहन को किनारे से निकालने की कोशिश की और स्कॉर्पियो को सोनारडीह हॉल्ट की ओर मोड़ दिया.इसी दौरान वाहन रेलवे ट्रैक के बीच फंस गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालात बिगड़ते देख स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए.

 

घटना की आवाज सुनकर ट्रैकमैन मौके पर पहुंचा और तत्काल गेटमैन को सूचना दी. गेटमैन ने बिना देर किए रेलवे ट्रैक का सिग्नल लाल कर दिया और इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों तथा रेल पुलिस को दी. 

 

बताया जा रहा है कि उसी समय कतरास की ओर से एक ट्रेन आने वाली थी. यदि समय रहते सिग्नल नहीं रोका जाता, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था. इसके बाद जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रैक पर फंसी स्कॉर्पियो को हटाया गया. इस दौरान करीब दो घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा. ट्रैक पूरी तरह साफ होने के बाद ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया गया.

 

रेल पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं फरार वाहन चालक और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्कॉर्पियो सवार पुलिस से बचकर क्यों भाग रहे थे और वाहन में कौन-कौन लोग मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही