Deoghar News: JSSC-CGL नियुक्ति में कथित फर्जीवाड़े की जांच के दौरान देवघर से एक सरकारी कर्मचारी की गिरफ्तारी हुई है. रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर बंधा इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर सुधाकर यादव नाम के युवक को पकड़ा. उसके पास से कई अभ्यर्थियों के चेक और प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई है.
बताया जा रहा है कि सुधाकर यादव मूल रूप से बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह वर्ष 2018 से रांची सचिवालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था. पूछताछ में उसने बताया कि उसका तबादला दुमका हो गया था, जिसके बाद वह देवघर में रह रहा था.
पुलिस को आशंका है कि आरोपी को जांच एजेंसी की कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी. इसी वजह से वह देवघर में छिपकर रह रहा था. हालांकि पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया.
इसे भी पढ़ें -
करीब दो दर्जन अभ्यर्थियों से जुड़ा कनेक्शन
प्रारंभिक पूछताछ में सुधाकर यादव पर करीब दो दर्जन छात्रों की नौकरी में ‘सेटिंग’ कराने का आरोप सामने आया है. जांच में यह भी जानकारी मिली है कि हजारीबाग में करीब 1200 अभ्यर्थियों को एक जगह रखकर JSSC-CGL की तैयारी कराई गई थी. आरोप है कि अभ्यर्थियों को सवाल-जवाब रटाए गए थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी की टीम देवघर पहुंचने की तैयारी में है. स्थानीय पुलिस से पूछताछ के बाद आरोपी को रांची ले जाया जा सकता है, जहां सीआईडी उससे पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी.
फिलहाल स्थानीय पुलिस की ओर से गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी की भूमिका कितनी बड़ी थी और कथित ‘सेटिंग’ के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

