Search

 
 
 

Bokaro News: लुगुबुरू महोत्सव में पहाड़ से पार्किंग तक सुरक्षा व्यवस्था रही मजबूत

Bokaro News: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 4 पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए थे. इन केंद्रों के माध्यम से रास्ते की जानकारी, पानी, प्राथमिक उपचार और बिछड़े लोगों की सहायता उपलब्ध कराई गई.
 
महोत्सव के सफल होने पर अधिकारी

Bokaro News: लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और दुर्गम पहाड़ी रास्तों को देखते हुए बोकारो पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए थे. एसपी नाथू सिंह मीणा के नेतृत्व में जिला पुलिस, स्थानीय पुलिस और विशेष बलों की संयुक्त तैनाती के साथ पूरे आयोजन पर निगरानी रखी गई. तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव का 24 नवंबर को शांतिपूर्ण समापन हुआ.

 

22 नवंबर से शुरू हुए महोत्सव में झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों और नेपाल-भूटान से श्रद्धालु पहुंचे थे. भीड़ प्रबंधन, पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा, वीआईपी आगमन और यातायात को सुचारु बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती थी. इसे देखते हुए पुलिस ने मुख्य समारोह स्थल से लेकर पहाड़ के रास्तों और पार्किंग स्थलों तक सुरक्षा का व्यापक घेरा तैयार किया था.

इसे भी पढ़ें:

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 4 पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए थे. इन केंद्रों के माध्यम से रास्ते की जानकारी, पानी, प्राथमिक उपचार और बिछड़े लोगों की सहायता उपलब्ध कराई गई. वहीं, झारखंड जगुआर के 8 असॉल्ट ग्रुप को पहाड़ के शुरुआती रास्ते से अंतिम गुफा तक और आसपास के जंगलों में तैनात किया गया था. विशेष बल के जवान दुर्गम इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे थे.

 

पहाड़ पर चढ़ने और उतरने के दौरान चोटिल होने या बेहोश होने वाले श्रद्धालुओं की मदद के लिए पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाई. मेडिकल किट से प्राथमिक उपचार देने के साथ स्ट्रेचर और जरूरत पड़ने पर कंधे पर उठाकर घायलों को नीचे लाया गया. इसके बाद मेडिकल टीम की मदद से उपचार कराया गया. बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी पहाड़ी रास्तों पर जवानों ने सहयोग किया.

 

बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह स्थानीय पुलिस बल के साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे. एसपी नाथू सिंह मीणा भी पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य वीवीआईपी के कार्यक्रमों के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क रही.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही