Ranchi News: लोकआस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सपन्न कराने को लेकर झारखंड सरकार और पुलिस मुख्यालय अलर्ट मोड में है. मुख्य सचिव (CS) और डीजीपी ने सभी जिलों के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को छठ घाटों की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों को अपने-अपने थाना और प्रखंड क्षेत्रों में अंचल अधिकारियों (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और थाना प्रभारियों के माध्यम से छठ घाटों का निरीक्षण कराने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें:
अधिक पानी वाले घाटों पर बैरिकेडिंग का निर्देश
निर्देश में कहा गया है कि जिन तालाबों और पोखरों में पानी अधिक है, वहां छठ समितियों के साथ समन्वय बनाकर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. घाटों पर महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने का भी निर्देश दिया गया है.
शहर से गांव तक शौचालय और दूसरी सुविधाओं की व्यवस्था
इधर, छठ घाटों पर साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं. डीसी के निर्देश पर विभिन्न जिलों में नगर निगम और स्थानीय निकायों के माध्यम से घाटों पर चलंत शौचालय की व्यवस्था की जा रही है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के छठ घाटों पर टेंट के माध्यम से अस्थायी शौचालय बनाए जा रहे हैं. प्रशासन का जोर है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

