Ranchi News : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के समापन के बाद देवघर में आगामी भादो और अद्वैया मेला को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने देवघर जिले में कानून व्यवस्था की निगरानी के लिए DSP रैंक के 12 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. यह कार्रवाई देवघर एसपी के अनुरोध के बाद की गई है.
इन अधिकारियों को भेजा गया देवघर
प्रतिनियुक्त किए गए DSP अधिकारियों में प्रदीप उरांव, महेश प्रजापति, संदीप सुमन, चंदन कुमार वत्स, अशोक रविदास, रजत माणिक बाखला, वरूण देवगम, अरविन्द कुमार सिन्हा, राजा कुमार मित्रा, आनंद ज्योति मिंज, विजय कुमार कुशवाहा और पवन कुमार-2 शामिल हैं.
मेले के दौरान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
भादो और अद्वैया मेला के दौरान देवघर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है. प्रतिनियुक्त DSP सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला पुलिस का सहयोग करेंगे.
मेला खत्म होने के बाद ही मूल स्थान पर लौटेंगे अधिकारी
पुलिस मुख्यालय ने देवघर एसपी को जारी आदेश में कहा है कि सभी प्रतिनियुक्त DSP को भादो एवं अद्वैया मेला के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद ही उनके मूल पदस्थापना स्थल के लिए वापस किया जाए. यानी मेला अवधि तक ये अधिकारी देवघर की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

