- घाटों पर सफाई और रोशनी की व्यवस्था होगी
- तीन दिन घाटों में तैराकी से बचें
Ranchi News: दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. बुधवार को डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में संबंधित विभागों, पूजा समितियों, जतरा समिति और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की. जहां घाटों की सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और भीड़ नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा की गई. डीसी ने कहा कि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभाग आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करें, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
इसे भी पढ़ें:
छठ पूजा समितियों ने घाटों की सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और पहुंच मार्गों से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों और आसपास के क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी पर जोर दिया गया. समितियों से प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की गई.
जिला प्रशासन ने लोगों से 14, 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों में तैराकी नहीं करने की अपील की है. श्रद्धालुओं से सुरक्षा मानकों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
जतरा के व्यवस्थित आयोजन के लिए सदर एसडीओ और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) को समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

