Latehar News: लातेहार के नक्सल प्रभावित वन क्षेत्र में एसएसबी 32 वीं वाहिनी और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया. नक्सलियों की टोह मे यह ऑपरेशन महुआडांड़ थाना क्षेत्र में दो दिनों तक चला. जिसमें जवानों को नक्सलियों के छुपाए हुए हथियार और गोली बरामद करने में सफलता मिली. जिसे नक्सलियों ने जंगल में छुपाकर रखा था.
इसे भी पढ़ें:
21 और 22 अक्टूबर को महुआडांड़ थाना क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाया गया था. इस दौरान सुग्गा बांध के जंगल से राइफल, मैगजीन और कारतूस मिले, जबकि आधे, दौना एवं दुरुप वन क्षेत्रों से आईईडी के दो स्टील कंटेनर समेत अन्य सामान बरामद हुए. इसकी जानकारी शुक्रवार को महुआडांड़ थाना परिसर में एसडीपीओ पूजा कुमारी और एसएसबी के तिसिया समवाय के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव ने दी.
उन्होंने बताया कि, 21 अक्टूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक .303 राइफल, एक खाली मैगजीन, 303 राइफल नौ राउड जिंदा कारतूस और कारतूस रखने की एक थैली बरामद की गई.
22 अक्टूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक खाली 9 एमएम पिस्टल मैगजीन और कुल 63 कारतूस बरामद किए गए. इनमें 28 जिंदा कारतूस, 34 ट्रेसर कारतूस और एक 7.62 एमएम जिंदा कारतूस शामिल हैं. इसी दिन एसएसबी की एफ समवाय बांसकरचा और महुआडांड़ थाना पुलिस ने आधे, दौना एवं दुरुप वन क्षेत्रों में भी संयुक्त तलाशी अभियान चलाया. शाम करीब 5:15 बजे हुई बरामदगी में आईईडी के दो स्टील कंटेनर, 20 मीटर प्लास्टिक शीट, एक बंडल रस्सी, सिंथेटिक कपड़ा और रेत की दो बोरियां मिलीं.
एसएसबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद हथियारों एवं गोला-बारूद के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. संभावित रूप से छूटे अन्य हथियारों और गोला-बारूद की तलाश के लिए वन क्षेत्रों में सर्च अभियान भी जारी रखा गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

